रायपुर/नई दिल्ली | 19 फरवरी 2026
भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में छत्तीसगढ़ का स्टॉल देश-विदेश से आए निवेशकों और तकनीकी विशेषज्ञों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। “छत्तीसगढ़ ड्रिवन बाय इंटेलिजेंस” थीम पर आधारित इस स्टॉल में राज्य की उभरती एआई क्षमता, डिजिटल अधोसंरचना और निवेश संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है।
स्टॉल में डिजिटल प्रेजेंटेशन, सूचना पैनल और इंटरैक्टिव माध्यमों के जरिए छत्तीसगढ़ को उभरते टेक्नोलॉजी हब के रूप में प्रदर्शित किया गया है। विशेष रूप से नवा रायपुर में स्थापित किए जा रहे देश के पहले एआई डाटा सेंटर पार्क की जानकारी प्रमुखता से दी जा रही है। इस परियोजना में लगभग 1000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है और इसमें एक लाख तक ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) स्थापित करने की क्षमता विकसित की जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि एआई इम्पैक्ट समिट में छत्तीसगढ़ की सक्रिय भागीदारी राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर एआई डाटा सेंटर पार्क डिजिटल नवाचार, उच्च तकनीकी निवेश और भविष्य की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा। यह पहल युवाओं के लिए रोजगार और स्टार्टअप अवसरों के नए द्वार खोलेगी।
स्टॉल पर औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत एआई, रोबोटिक्स और उन्नत तकनीक क्षेत्रों के लिए उपलब्ध प्रोत्साहनों की जानकारी भी दी जा रही है। निवेशकों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, विकसित स्मार्ट सिटी नवा रायपुर, उत्कृष्ट कनेक्टिविटी और उद्योग-अनुकूल नीतियों के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है।
कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने छत्तीसगढ़ में एआई और डाटा सेंटर क्षेत्र में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है। यह सहभागिता राज्य को उभरते टेक्नोलॉजी और इनोवेशन इकोसिस्टम के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।