दुर्ग | 26 जनवरी
रविशंकर स्टेडियम, दुर्ग में आयोजित जिला स्तरीय 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में भिलाई नगर निगम द्वारा प्रस्तुत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सहभागिता पर आधारित विशेष झांकी को दर्शकों और अतिथियों से भरपूर सराहना मिली। यह झांकी केवल एक सांस्कृतिक प्रस्तुति नहीं, बल्कि स्वच्छ समाज के निर्माण का सशक्त संदेश लेकर सामने आई।
समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री (शहरी विकास एवं कार्य मंत्रालय) श्री तोखन साहू थे। इस अवसर पर दुर्ग जिला कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल, भिलाई नगर निगम आयुक्त श्री राजीव पांडेय सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
झांकी के माध्यम से शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले सफाई मित्रों के योगदान को सम्मानपूर्वक प्रदर्शित किया गया। इसमें यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ भिलाई का निर्माण इन कर्मशील योद्धाओं के सतत परिश्रम, सम्मान और सुरक्षा से ही संभव है। झांकी ने यह भी स्पष्ट किया कि स्वच्छ शहर की शुरुआत स्वच्छ घर और स्वच्छ मोहल्ले से होती है।
झांकी का एक प्रमुख आकर्षण भिलाई-दुर्ग क्षेत्र के लिए प्रस्तावित 150 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का मॉडल रहा। यह संयंत्र शिवनाथ नदी में मिलने वाले तेलहा नाला और कोसा नाला क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा, जहां आधुनिक तकनीक से अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक उपचार होगा। उपचारित जल का उपयोग उद्योगों और सिंचाई में किया जाएगा, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और शिवनाथ नदी की स्वच्छता बनी रहेगी।
इसके साथ ही झांकी में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को भावनात्मक दृश्यों के माध्यम से दर्शाया गया। यह दिखाया गया कि प्लास्टिक कचरा पशु-पक्षियों और पर्यावरण के लिए कितना घातक है। नागरिकों से प्लास्टिक का त्याग कर पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने और गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण की अपील की गई।
यह झांकी स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता और सामूहिक संकल्प का प्रभावशाली प्रतीक बनकर सामने आई।
