
बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन प्रमुख कोल कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे और उनके पति विक्की जैन के पारिवारिक कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों से भी संबंधित बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, यह छापेमारी टैक्स अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में की गई।
जीएसटी अधिकारियों की टीम ने बिलासपुर में कई ठिकानों पर दस्तावेज़ों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की। कार्रवाई के दौरान महावीर कोल वाशरी ने लगभग10 करोड़ की राशि सरेंडर किए जाने की पुष्टि की है। विभाग का कहना है कि यह राशि प्रारंभिक जांच के आधार पर सामने आई है और आगे की जांच अभी जारी है।
सूत्रों के अनुसार, जिन कोल कारोबारियों के यहां छापे पड़े हैं, वे लंबे समय से कोयला व्यापार से जुड़े हुए हैं। जांच में बिलिंग, इनपुट टैक्स क्रेडिट और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल जीएसटी विभाग ने इस मामले में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन संकेत दिए गए हैं कि जांच के दायरे में और खुलासे हो सकते हैं।