Sunday, March 22, 2026
Home » नगर निगम बीरगांव का समाधान शिविर सफल: पहले ही दिन 1.67 लाख की वसूली, 16 बिजली मीटर आवेदन प्राप्त

नगर निगम बीरगांव का समाधान शिविर सफल: पहले ही दिन 1.67 लाख की वसूली, 16 बिजली मीटर आवेदन प्राप्त

नगर निगम बीरगांव द्वारा नागरिकों को शहरी सेवाएँ सरलता से उपलब्ध कराने समाधान शिविर का आयोजन किया गया।

by khabariya
0 comments

बीरगांव, 7 जनवरी 2026।
नगर निगम बीरगांव द्वारा नागरिकों को शहरी सेवाएँ सरलता से उपलब्ध कराने और निगम को देय लंबित हितग्राही अंशदान, कर एवं किश्तों के संकलन के उद्देश्य से एएचपी कॉलोनी, उरला में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर को स्थानीय नागरिकों का उत्साहजनक सहयोग मिला और पहले ही दिन उल्लेखनीय सफलता दर्ज की गई।

शिविर के दौरान कुल 96 हितग्राहियों ने अपने लंबित हितग्राही अंशदान की राशि जमा करते हुए नगर निगम को 1 लाख 67 हजार रुपये का भुगतान किया। इसके साथ ही 16 नागरिकों द्वारा नए बिजली मीटर के लिए आवेदन भी प्रस्तुत किए गए। बड़ी संख्या में नागरिकों ने शिविर में उपस्थित होकर नगर निगम से जुड़ी विभिन्न सेवाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याएँ अधिकारियों के समक्ष रखीं।

नगर निगम आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा ने बताया कि निगम क्षेत्र के नागरिकों को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से यह शिविर लगाया गया है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के निगम को देय राशि, किश्तें और कर जमा कर सकें। उन्होंने कहा कि आयुक्त के निर्देशानुसार अब एएचपी कॉलोनी उरला में प्रत्येक 15 दिनों में नियमित रूप से ऐसे समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे।

शिविर में निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने मौके पर ही स्वच्छता, पेयजल, संपत्ति कर, जल-निकासी, सफाई व्यवस्था से संबंधित शिकायतों का निराकरण किया। इसके अलावा शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत बैंक लिंकेज, स्वरोजगार एवं रोजगारपरक योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी नागरिकों को दी गई।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकार के शिविरों से न केवल निगम की राजस्व वसूली में वृद्धि होगी, बल्कि आम नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर काटने से भी राहत मिलेगी। स्थानीय नागरिकों ने शिविर की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक उपयोगी पहल बताया।

नगर निगम बीरगांव का उद्देश्य आने वाले समय में और अधिक कॉलोनियों में ऐसे समाधान शिविर आयोजित कर नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना और पारदर्शी व सुगम सेवा प्रणाली विकसित करना है।

You may also like