Sunday, March 22, 2026
Home » छत्तीसगढ़ को सड़क अधोसंरचना की बड़ी सौगात: CRIF से ₹665 करोड़ की 174 किमी सड़क परियोजनाओं को मंजूरी

छत्तीसगढ़ को सड़क अधोसंरचना की बड़ी सौगात: CRIF से ₹665 करोड़ की 174 किमी सड़क परियोजनाओं को मंजूरी

by News Desk
0 comments

न्यूज़ डेस्क, रायपुर।
साल 2026 के पहले दिन छत्तीसगढ़ को सड़क अधोसंरचना के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के अंतर्गत राज्य के पांच जिलों में 174 किलोमीटर लंबी चार महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के लिए ₹664.67 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से सड़कों का चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और उन्नयन किया जाएगा, जिससे प्रदेश में कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आधारभूत संरचना लगातार मजबूत हो रही है।

स्वीकृत परियोजनाओं के अंतर्गत मुंगेली जिले में कोटा-लोरमी-पंडरिया मार्ग के 21 किमी हिस्से को फोरलेन बनाने के लिए ₹156.33 करोड़, कांकेर जिले में कांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुर मार्ग के 48.4 किमी के उन्नयन हेतु ₹130.63 करोड़ मंजूर किए गए हैं। वहीं बस्तर संभाग के सुकमा-दंतेवाड़ा मार्ग के 68 किमी हिस्से के लिए ₹230.85 करोड़ तथा गरियाबंद जिले में राजिम-फिंगेश्वर-महासमुंद मार्ग के 35.5 किमी के लिए ₹146.86 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इन परियोजनाओं से दूरस्थ और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आपातकालीन सेवाओं को सीधा लाभ मिलेगा। सड़क नेटवर्क मजबूत होने से पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने बताया कि लोक निर्माण विभाग राज्य में कनेक्टिविटी को प्राथमिकता देते हुए सभी स्वीकृत परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह स्वीकृति छत्तीसगढ़ के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई दिशा देने वाली साबित होगी।

You may also like