
रायपुर।
छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर बनाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। नया रायपुर स्थित स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (SIHM) ने शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। यह संस्थान छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के अधीन संचालित है और नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी (NCHMCT) से संबद्ध है। संस्थान का अब तक का रिकॉर्ड 100 प्रतिशत प्लेसमेंट का रहा है।
SIHM रायपुर में तीन वर्षीय पूर्णकालिक बीएससी हॉस्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन कोर्स की कुल 80 सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 25 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। प्रवेश NCHM JEE 2026 राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होगा, जो 25 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा परिणाम मई में घोषित होंगे, जबकि काउंसलिंग प्रक्रिया जून 2026 से शुरू होगी।
संस्थान में प्रवेश के लिए किसी भी विषय से 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है, जिसमें अंग्रेजी विषय शामिल होना चाहिए। 12वीं में अध्ययनरत छात्र भी आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा से संबंधित कोई प्रतिबंध नहीं है। परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी, जिसमें अंग्रेजी भाषा, सेवा क्षेत्र योग्यता, सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता और गणितीय योग्यता से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे।
SIHM रायपुर में आधुनिक फूड प्रोडक्शन, बेकरी, एफ एंड बी सर्विस, हाउसकीपिंग लैब, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, खेल सुविधाएं तथा बालक-बालिका छात्रावास उपलब्ध हैं। यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों को ओबेरॉय होटल्स, हयात, ताज ग्रुप, मैरियट, फेयरमोंट, सयाजी, मेफेयर, रिलायंस रिटेल, डोमिनोज, हल्दीराम और बारबेक्यू नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्लेसमेंट मिला है।
संस्थान ने राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि SIHM रायपुर से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ-साथ प्रदेश की होटल इंडस्ट्री को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हो रहा है, जिससे बाहर से कर्मचारियों पर निर्भरता कम हुई है।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालयीन समय में संस्थान से संपर्क कर सकते हैं।