Friday, February 27, 2026
Home » रायपुर में सिटी गैस परियोजना का शुभारंभ, सीएम विष्णु देव साय बोले— स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में बड़ा कदम

रायपुर में सिटी गैस परियोजना का शुभारंभ, सीएम विष्णु देव साय बोले— स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में बड़ा कदम

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर रजत जयंती वर्ष मना रहा है और सिटी गैस परियोजना इस विकास यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

by News Desk
0 comments

रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ करते हुए इसे स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक अधोसंरचना की दिशा में प्रदेश का सशक्त संकल्प बताया। एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सीएनजी युक्त वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता श्रीमती पूनम चौबे से संवाद कर घरेलू उपयोग में पीएनजी सुविधा की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर रजत जयंती वर्ष मना रहा है और सिटी गैस परियोजना इस विकास यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अब मेट्रो शहरों की तर्ज पर डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस (डीपीएनजी) के माध्यम से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पाइपलाइन से गैस उपलब्ध होगी। इससे उपभोक्ताओं को सिलेंडर रिफिलिंग की परेशानी से मुक्ति मिलेगी और सुरक्षा भी बढ़ेगी।

उन्होंने बताया कि सस्ती और सुलभ ऊर्जा से उद्योगों को गति मिलेगी और निवेश की संभावनाएं मजबूत होंगी। वाहनों में सीएनजी के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी तथा आम नागरिकों को ईंधन खर्च में राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने एचसीजी समूह को बधाई देते हुए रायपुर के साथ बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में शीघ्र सीएनजी स्टेशनों का व्यापक नेटवर्क विकसित करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रीन एनर्जी को प्राथमिकता दे रही है, ताकि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ आगे बढ़ें।

उल्लेखनीय है कि सिटी गैस अवसंरचना परियोजना के तहत तीनों जिलों में घरेलू और व्यावसायिक उपयोग के लिए पीएनजी आपूर्ति तथा वाहनों के लिए सीएनजी उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में एचसीजी समूह के प्रबंध निदेशक श्री राहुल चोपड़ा, निदेशक श्री राजीव माथुर, अध्यक्ष श्री दीपक सावंत, गैल इंडिया के प्रतिनिधि और उद्योग जगत के कई सदस्य उपस्थित रहे।

यह पहल ‘हरित छत्तीसगढ़, स्मार्ट छत्तीसगढ़’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

You may also like