रायपुर, 17 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज विधानसभा परिसर में आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने शिविर में स्वयं स्वास्थ्य जांच कराकर आमजन को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली और शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण आज विभिन्न प्रकार की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना बेहद जरूरी हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नियमित जांच से व्यक्ति अपने स्वास्थ्य की स्थिति को समझ सकता है और समय रहते आवश्यक सावधानी अपनाकर गंभीर बीमारियों से बचाव कर सकता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और समृद्ध राज्य की नींव होते हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस पहल के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर लोगों को न केवल जांच की सुविधा देते हैं, बल्कि उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनने के लिए भी प्रेरित करते हैं।
इस शिविर में विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच, परामर्श और आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया, संचालक स्वास्थ्य श्री संजीव कुमार झा, सीजीएमएससी के प्रबंध संचालक श्री रितेश अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह पहल राज्य में स्वास्थ्य जागरूकता को मजबूत करने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की आदत को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।