रायपुर/बिलासपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बिल्हा विकासखंड के रहंगी से आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेश के 25.28 लाख किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। बिलासपुर जिले के 1.25 लाख से अधिक किसानों को 494.38 करोड़ रुपए का लाभ मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के सम्मान और समृद्धि के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। होली से पहले किसानों को यह राशि प्रदान कर सरकार ने उन्हें त्योहार की सौगात दी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष धान बेचने वाले 25 लाख से अधिक किसानों को योजना का लाभ मिला है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 263.17 करोड़ रुपए की लागत के 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इनमें 15.99 करोड़ रुपए के 7 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण और 247.18 करोड़ रुपए के 82 कार्यों का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण सुविधा, समय पर धान भुगतान और बारदाने की समस्या से मुक्ति सुनिश्चित की है। खाद सब्सिडी, सिंचाई विस्तार और सहकारिता को मजबूत बनाने जैसे कदम किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि कृषि बजट में 13 हजार करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चकरभाटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन, मंगला में माध्यमिक शाला को हाई स्कूल में उन्नयन और रहंगी खेल मैदान में बाउंड्रीवॉल निर्माण की घोषणा की। साथ ही सतनामी एवं आदिवासी समाज के सामुदायिक भवन के लिए 50-50 लाख रुपए देने की घोषणा की।
वर्चुअल संवाद में विभिन्न जिलों के किसानों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। यह आयोजन प्रदेश में किसान हितैषी नीतियों और विकास कार्यों को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।