रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज नया रायपुर स्थित शांति सरोवर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा छत्तीसगढ़ विधानसभा के सम्मानित सदस्यों के लिए आयोजित स्नेह मिलन एवं ब्रह्मा भोजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने ब्रह्माकुमारी बहनों के स्नेह, आत्मीयता और सेवा भाव की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष विधानसभा सदस्यों के लिए ब्रह्मा भोजन का आयोजन एक सुंदर और प्रेरणादायी परंपरा बन चुका है। बहनों के प्रेम और आदर से सभी जनप्रतिनिधि अभिभूत हैं। उन्होंने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था समाज में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक जागरूकता और आत्मिक शांति के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि शांति सरोवर और शांति शिखर जैसे आध्यात्मिक केंद्र सकारात्मक ऊर्जा और शांति का संदेश देते हैं। संस्था का 137 से अधिक देशों में विस्तार होना इसकी वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण तथा जनजातीय क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ब्रह्माकुमारी बहनों के अतिथि बने और पवित्र ब्रह्मा भोजन ग्रहण किया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, कैबिनेट मंत्रीगण और विधानसभा के सदस्य भी उपस्थित रहे। वन मंत्री श्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, विधायक श्री धरमलाल कौशिक सहित कई जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
ब्रह्माकुमारी परिवार की ओर से मृत्युंजय भाई, आत्म प्रकाश भाई, हेमलता दीदी, लता दीदी, आशा दीदी, सरिता दीदी और सविता दीदी सहित अन्य सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में बहनों ने मुख्यमंत्री को माउंट आबू आने का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया।