Thursday, February 19, 2026
Home » खनिज संपदा से समृद्ध छत्तीसगढ़ के विकास में निभाएं अहम भूमिका: मुख्यमंत्री साय ने 30 नव चयनित खनि निरीक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र

खनिज संपदा से समृद्ध छत्तीसगढ़ के विकास में निभाएं अहम भूमिका: मुख्यमंत्री साय ने 30 नव चयनित खनि निरीक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री ने 30 नव चयनित खनि निरीक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं पर ही प्रदेश और देश का भविष्य निर्भर करता है।

by khabariya
0 comments

रायपुर | 19 फरवरी 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित नव नियुक्त खनि निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध छत्तीसगढ़ के विकास में खनिज विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और मैदानी अमले की जिम्मेदारी सबसे अहम होती है।

मुख्यमंत्री ने 30 नव चयनित खनि निरीक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं पर ही प्रदेश और देश का भविष्य निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि खनिज विभाग में नई नियुक्तियों से कार्यबल मजबूत होगा और खनिज अन्वेषण व खनन गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करेंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ लौह अयस्क, कोयला, बॉक्साइट, लाइमस्टोन, टिन, हीरा, सोना और लिथियम सहित अनेक खनिज संपदाओं से परिपूर्ण है। खनिज राज्य के राजस्व का प्रमुख स्रोत हैं और सरकार राजस्व वृद्धि के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने नव नियुक्त अधिकारियों से खनिज राजस्व बढ़ाने और अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि खनि निरीक्षक के रूप में आप सभी के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है। ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए राज्य के प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सुव्यवस्थित उपयोग को सुनिश्चित करें।

उल्लेखनीय है कि लोक सेवा आयोग ने 15 अक्टूबर 2025 को 33 खनि निरीक्षकों की चयन सूची जारी की थी। खनिज साधन विभाग द्वारा 19 फरवरी 2026 को 32 नियुक्ति आदेश जारी किए गए, जिनमें से 30 अधिकारियों को आज नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

You may also like