Sunday, March 22, 2026
Home » गौमाता के संरक्षण के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ‘गोदान’ फिल्म का ट्रेलर लॉन्च

गौमाता के संरक्षण के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ‘गोदान’ फिल्म का ट्रेलर लॉन्च

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘गोदान’ फिल्म को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री किए जाने की घोषणा कि।

by khabariya
0 comments

रायपुर | 27 जनवरी 2025

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में गौमाता पर आधारित पहली फीचर फिल्म ‘गोदान’ का ट्रेलर लॉन्च किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फिल्म को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री किए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार गौमाता के संरक्षण और संवर्धन के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गौमाता न केवल आध्यात्मिक रूप से पूजनीय हैं, बल्कि उनका आर्थिक, पर्यावरणीय और वैज्ञानिक महत्व भी अत्यंत व्यापक है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने गौशालाओं में गायों के भरण-पोषण के लिए प्रतिदिन मिलने वाली सहायता राशि को 20 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये कर दिया है। साथ ही अब प्रत्येक गौशाला को 25 लाख रुपये तक की सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गोधामों की स्थापना कर घुमंतू गौवंश की देखभाल सुनिश्चित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय परंपरा में मान्यता है कि गौमाता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है और हर धार्मिक अनुष्ठान में पंचगव्य का उपयोग किया जाता है। उन्होंने कहा कि ‘गोदान’ जैसी फिल्में समाज को गौमाता के महत्व से जोड़ने और जन-जागरूकता बढ़ाने का सशक्त माध्यम बनेंगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जैविक खेती की आधारशिला गौमाता से प्राप्त गोबर और पंचगव्य उत्पाद हैं। लगभग 2 घंटे 9 मिनट की इस फिल्म के माध्यम से गौ संवर्धन और संरक्षण का संदेश व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचेगा। उन्होंने फिल्म के पोस्टर और गीत ‘गौमाता के प्राणों को बचा लो देशवासियों’ का भी विमोचन किया तथा पंचगव्य उत्पादों के गिफ्ट पैक का लोकार्पण किया।

कामधेनु फिल्म प्रोडक्शंस के बैनर तले निर्मित फिल्म ‘गोदान’ 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस अवसर पर फिल्म निर्माता-निर्देशक विनोद चौधरी सहित कई गणमान्यजन और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

You may also like