रायपुर ,प्रदेश में परीक्षाओं के माहौल के बीच मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आत्मविश्वास और सफलता का संदेश दिया है। उन्होंने स्नेहपूर्वक कहा— “ऑल द बेस्ट, प्यारे बच्चों।” मुख्यमंत्री ने परीक्षा दे रहे छात्र-छात्राओं को हौसले और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
अपने आत्मीय संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षाएं जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होती हैं। इस दौरान उत्साह के साथ थोड़ा तनाव होना स्वाभाविक है, लेकिन घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे यह याद रखें कि वे अकेले नहीं हैं, पूरा प्रदेश उनके साथ खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि मन में डर या घबराहट है तो यह कमजोरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का संकेत है। इसका अर्थ है कि विद्यार्थी अपने भविष्य को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे इस डर को अपने आत्मविश्वास पर हावी न होने दें। पूरे वर्ष की मेहनत, अभ्यास और दोहराव ही उनकी असली ताकत है, जो परीक्षा में सफलता दिलाएगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन करें, कठिन विषयों को बार-बार दोहराएं और संतुलित दिनचर्या अपनाएं। पर्याप्त नींद लें, पौष्टिक भोजन करें तथा परीक्षा के दिनों में मोबाइल और अन्य विचलित करने वाले साधनों से दूरी बनाकर रखें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और अपने परिवार, शिक्षकों तथा प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि मेहनत और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है।