कुरूद/धमतरी ,कुरूद ब्लॉक के दहदहा स्थित शासकीय स्कूल में 35 छात्र-छात्राओं द्वारा कलाई पर धारदार वस्तुओं से कट लगाने का गंभीर मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में प्राचार्य और प्रधान पाठक की लापरवाही उजागर होने पर दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार पिछले करीब दो माह से स्कूल में कुछ छात्र-छात्राएं एक-दूसरे को कथित “टास्क” देने के नाम पर अपनी कलाई पर कट लगा रहे थे। बच्चों के हाथों पर बबूल के कांटे, ब्लेड और अन्य नुकीली वस्तुओं से काटे जाने के निशान पाए गए हैं। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम कुरूद, एसडीओपी पुलिस और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने स्कूल पहुंचकर छात्रों से बातचीत की और उनकी काउंसलिंग कराई। अधिकारियों ने अभिभावकों से भी चर्चा की और बच्चों की मानसिक स्थिति को समझने का प्रयास किया। प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि कुछ छात्र एक-दूसरे को चुनौती या टास्क देकर ऐसा कर रहे थे। हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन से जवाब तलब करते हुए स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की निगरानी और मार्गदर्शन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने, नियमित काउंसलिंग सत्र आयोजित करने और शिक्षकों को संवेदनशील मामलों से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण देने की बात कही है। अधिकारियों ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान दें और किसी भी असामान्य व्यवहार की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।