Wednesday, March 11, 2026
Home » दुर्ग के ग्राम समोदा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से हटाया गया शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा

दुर्ग के ग्राम समोदा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से हटाया गया शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा

यह कार्रवाई कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त तहसीलदार श्रीमती क्षमा यदु के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

by News Desk
0 comments

रायपुर, 10 मार्च 2026। दुर्ग जिले के जनपद पंचायत दुर्ग अंतर्गत ग्राम समोदा में जिला प्रशासन ने शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया। प्रशासन की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से अवैध निर्माण को हटाकर सरकारी जमीन को मुक्त कराया।

यह कार्रवाई कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त तहसीलदार श्रीमती क्षमा यदु के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम समोदा स्थित राजस्व निरीक्षक मंडल जेवरा सिरसा, तहसील एवं जिला दुर्ग के अंतर्गत शासकीय घास भूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार खसरा नंबर 778, रकबा 0.13 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर अवैध रूप से पक्का दुकान निर्माण किया गया था। इसके अलावा टीन शेड लगाकर भी दुकानें बनाई गई थीं। प्रशासन ने इन सभी अवैध निर्माणों को हटाकर जमीन को कब्जामुक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान वहां लगाए गए सीमेंट पोल और तार से किए गए घेराव को भी हटाया गया। जांच में सामने आया कि ग्राम समोदा निवासी ब्रजेश ताम्रकार, पिता गिरजाशंकर ताम्रकार द्वारा उक्त शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किया गया था। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर पूरे अवैध निर्माण को हटाते हुए जमीन को पुनः शासकीय नियंत्रण में ले लिया।

अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक रेखा शुक्ला, पटवारी चन्द्रिका प्रसाद खरें, शत्रुहन मिश्रा, अनिता साहू, संदीप देशमुख सहित राजस्व अमला, पुलिस विभाग के अधिकारी, पंचायत जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि सरकारी जमीन सुरक्षित रहे और उसका उपयोग जनहित के कार्यों के लिए किया जा सके।

You may also like