रायपुर, 5 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष के रूप में श्री गणेश शंकर मिश्रा ने नवा रायपुर स्थित नीति भवन में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय भी उपस्थित रहे और उन्होंने मिश्रा को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य नीति आयोग प्रदेश के दीर्घकालिक विकास की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि आयोग साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विकास की रणनीतियां तैयार करने का कार्य करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी दृष्टि को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ में भी “छत्तीसगढ़ विज़न डॉक्युमेंट 2047” तैयार किया गया है, जिससे राज्य के समग्र और दीर्घकालिक विकास की रूपरेखा तय की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा योजना आयोग के स्थान पर नीति आयोग का गठन दूरदर्शी निर्णय था। नीति आयोग के माध्यम से संचालित आकांक्षी जिलों का कार्यक्रम देश के पिछड़े क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव छत्तीसगढ़ के आकांक्षी जिलों में भी देखने को मिला है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री गणेश शंकर मिश्रा के प्रशासनिक अनुभव से राज्य नीति आयोग को नई दिशा और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि आयोग से मिलने वाले सुझावों को राज्य सरकार गंभीरता से लेते हुए उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने का प्रयास करेगी।
इस अवसर पर श्री गणेश शंकर मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य उन्मुख नीतियों के माध्यम से राज्य को अधिक समृद्ध और विकसित बनाने के लिए सभी के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, विधायक सुश्री लता उसेंडी, विधायक श्री अमर अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।