रायपुर, राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज छत्तीसगढ़ की 6वीं विधानसभा के अष्टम सत्र को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया। विधानसभा पहुंचने पर उनका स्वागत मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने किया।
अपने अभिभाषण में राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती और नए विधानसभा भवन के लोकार्पण का उल्लेख करते हुए इसे लोकतंत्र का मंदिर बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने विकसित राज्य की दिशा में नया सफर शुरू किया है और वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
किसानों के हित में उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि इस वर्ष 25 लाख से अधिक किसानों से समर्थन मूल्य पर 141 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया और 33 हजार करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया गया। ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत होली से पहले 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि जारी की जाएगी।
महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता बताते हुए राज्यपाल ने ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 69 लाख महिलाओं को हर माह एक हजार रुपए दिए जाने की जानकारी दी। वहीं, युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा और स्टार्टअप नीति के जरिए नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास दोनों मोर्चों पर सफलता का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है और ‘नियद नेल्ला नार योजना’ के तहत बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।
स्वास्थ्य, शिक्षा, अधोसंरचना, ऊर्जा, औद्योगिक निवेश और डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में किए गए सुधारों को रेखांकित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समावेशी विकास है, ताकि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।
अंत में उन्होंने सभी सदस्यों से राज्य के समग्र विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
जय हिंद, जय छत्तीसगढ़।