रायपुर, राज्य प्रशासनिक सेवा और एलाइड सर्विस से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में नियुक्त हुए अधिकारियों ने सोमवार को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्ति किसी भी अधिकारी के लिए गौरव का क्षण होता है। यह न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि जनसेवा के व्यापक अवसरों और बढ़ी हुई जिम्मेदारियों का भी प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपनी नई भूमिका में निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
उन्होंने कहा कि शासन की लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की मूल जिम्मेदारी है। अधिकारी यदि समर्पण भाव से कार्य करें तो प्रदेश के विकास को नई गति मिल सकती है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बदलते समय में प्रशासनिक दक्षता के साथ मानवीय दृष्टिकोण अत्यंत आवश्यक है, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान हो सके।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नव नियुक्त आईएएस अधिकारी अपने अनुभव और क्षमता का उपयोग करते हुए सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस अवसर पर भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्त श्री तीर्थराज अग्रवाल, सुश्री लीना कोसम, श्री बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, श्री सुमित अग्रवाल, श्री संदीप कुमार अग्रवाल, श्री आशीष कुमार टिकरिहा, श्री ऋषभ पाराशर एवं श्री तरुण किरण उपस्थित रहे।
यह मुलाकात प्रशासनिक तंत्र में नई ऊर्जा और प्रतिबद्धता का प्रतीक मानी जा रही है।