Tuesday, March 3, 2026
Home » इंडिया स्किल 2025-26 में छत्तीसगढ़ का शानदार प्रदर्शन, ईस्ट जोन में जीते 12 पदक

इंडिया स्किल 2025-26 में छत्तीसगढ़ का शानदार प्रदर्शन, ईस्ट जोन में जीते 12 पदक

मुख्यमंत्री श्री साय ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं ने साबित कर दिया है कि वे राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक मंच पर भी प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम हैं।

by News Desk
0 comments

रायपुर, 3 मार्च 2026।
भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय द्वारा आयोजित इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने ईस्ट जोन रीजनल प्रतियोगिता में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। राज्य के प्रतिभागियों ने 12 पदक और 4 मेडल ऑफ एक्सीलेंस जीतकर अपनी तकनीकी दक्षता और नवाचार क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।

यह प्रतियोगिता चार चरणों—जिला, राज्य, रीजनल और राष्ट्रीय स्तर—पर आयोजित की जा रही है। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को वर्ल्ड स्किल्स इंटरनेशनल के तहत भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं ने साबित कर दिया है कि वे राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक मंच पर भी प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कौशल विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आधुनिक प्रशिक्षण और उद्योगोन्मुख पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है।

ईस्ट जोन रीजनल प्रतियोगिता का समापन 2 मार्च 2026 को भुवनेश्वर में हुआ। इसमें ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के 200 से अधिक प्रतिभागियों ने 59 कौशल श्रेणियों में हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ ने 1 स्वर्ण, 2 रजत, 5 कांस्य पदक और 4 मेडल ऑफ एक्सीलेंस हासिल किए।

डिजिटल इंटरैक्टिव मीडिया में सुनील कुमार पैतल ने स्वर्ण पदक जीता। 3डी डिजिटल गेम आर्ट में खुशांक नायक, सीएनसी मिलिंग में पुष्कर सोनबर और सीएनसी टर्निंग में आत्माराम ने रजत पदक अर्जित किए। वेब टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स, प्लंबिंग एवं अन्य श्रेणियों में भी राज्य के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण द्वारा प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। जिला स्तर पर 3327 प्रतिभागियों में से 38 प्रतिभागी रीजनल स्तर तक पहुंचे। अब ये प्रतिभागी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह उपलब्धि ‘सशक्त युवा, समृद्ध छत्तीसगढ़’ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

You may also like