Saturday, February 21, 2026
Home » इंदौर में भाजयुमो-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प, पथराव में SI घायल; हालात काबू करने वॉटर कैनन का इस्तेमाल

इंदौर में भाजयुमो-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प, पथराव में SI घायल; हालात काबू करने वॉटर कैनन का इस्तेमाल

दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में भाजयुमो ने इंदौर स्थित कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया था।

by News Desk
0 comments

इंदौर।
इंदौर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय बेकाबू हो गई, जब कांग्रेस और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वॉटर कैनन का सहारा लेना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में भाजयुमो ने इंदौर स्थित कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया था। इसी के तहत बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता गांधी भवन पहुंचे। संभावित तनाव को देखते हुए पुलिस पहले से ही मौके पर तैनात थी और बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया था।

जब कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका गया तो माहौल गरमा गया। इसी दौरान कांग्रेस और भाजयुमो समर्थकों के बीच नारेबाजी शुरू हुई, जो देखते ही देखते पथराव में बदल गई। दोनों ओर से पत्थर, पानी की बोतलें, तेल की थैलियां, संतरे और टमाटर तक फेंके गए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पथराव के दौरान सब इंस्पेक्टर आरएस बघेल घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उनके सीने के पास एक बड़ा पत्थर लगा, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने भीड़ पर वॉटर कैनन चलाया और अतिरिक्त बल बुलाया गया। प्रशासन ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

You may also like