Monday, February 23, 2026
Home » IRS अधिकारी शैलेन्द्र देशमुख खेलो इंडिया विंटर गेम्स में करेंगे राज्य का प्रतिनिधित्व, गुलमर्ग में अल्पाइन स्कीइंग में उतरेंगे

IRS अधिकारी शैलेन्द्र देशमुख खेलो इंडिया विंटर गेम्स में करेंगे राज्य का प्रतिनिधित्व, गुलमर्ग में अल्पाइन स्कीइंग में उतरेंगे

देशमुख,रायपुर स्थित नेशनल एकेडमी ऑफ कस्टम्स, इंडायरेक्ट टैक्सेस एंड नारकोटिक्स (NACIN) के निदेशक के रूप में पदस्थ है।

by News Desk
0 comments

रायपुर।
छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। 2008 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी शैलेन्द्र कुमार देशमुख आगामी खेलो इंडिया विंटर गेम्स में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 22 से 26 फरवरी तक जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग स्की रिजॉर्ट में आयोजित हो रही है।

6वें खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ की लगातार दूसरी भागीदारी है, लेकिन एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी का इसमें उतरना राज्य के लिए विशेष गर्व का विषय है। वर्तमान में रायपुर स्थित नेशनल एकेडमी ऑफ कस्टम्स, इंडायरेक्ट टैक्सेस एंड नारकोटिक्स (NACIN) के निदेशक के रूप में पदस्थ देशमुख 23 और 25 फरवरी को अल्पाइन स्कीइंग स्पर्धा में हिस्सा लेंगे।

शैलेन्द्र देशमुख केवल एक प्रशासनिक अधिकारी ही नहीं, बल्कि रोमांचक खेलों के प्रति गहरा जुनून रखने वाले साहसी व्यक्तित्व हैं। वे प्रमाणित पर्वतारोही और स्कूबा डाइवर हैं। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ उन्होंने पर्वतारोहण, गहरे समुद्र में गोताखोरी और हवाई रोमांच जैसे कई साहसिक अनुभव हासिल किए हैं।

वर्तमान पदस्थापना से पहले वे रायपुर में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के प्रमुख रह चुके हैं और कई चर्चित वित्तीय जांचों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। व्यस्त पेशेवर जीवन के बावजूद साहसिक खेलों के प्रति उनका समर्पण बना रहा। एक उत्साही बाइक राइडर के रूप में वे देश के दूरस्थ और दुर्गम इलाकों की यात्रा कर चुके हैं।

बालोद जिले के निवासी शैलेन्द्र देशमुख ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ और पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से प्राप्त की। उनका यह सफर न केवल युवाओं के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि समर्पण और जुनून के साथ प्रशासनिक सेवा और खेल—दोनों में उत्कृष्टता हासिल की जा सकती है।

You may also like