रायपुर ,राजधानी रायपुर में ऐतिहासिक महानाट्य ‘जाणता राजा’ के मंचन के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज की गौरवगाथा जीवंत हो उठी। साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित इस भव्य प्रस्तुति के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन साहस, धैर्य, रणनीति और आदर्श नेतृत्व का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिवाजी के आदर्शों को अपनाकर अपने जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करें।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शिवाजी महाराज ने विपरीत परिस्थितियों में भी अद्भुत सूझबूझ और वीरता का परिचय दिया। अफजल खाँ प्रकरण और शाइस्ता खाँ के विरुद्ध अपनाई गई रणनीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संकट चाहे कितना भी बड़ा हो, धैर्य और बुद्धिमत्ता से उस पर विजय पाई जा सकती है। उन्होंने शिवाजी महाराज को केवल महान योद्धा ही नहीं, बल्कि उच्च आदर्शों वाले शासक के रूप में भी स्मरण किया, जिन्होंने सभी धर्मों का सम्मान और महिलाओं की गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
मुख्यमंत्री ने माता जीजाबाई के संस्कारों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिवाजी का जीवन मर्यादा, नैतिकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश देता है। उन्होंने अपने छात्र जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए महाकवि भूषण की पंक्तियों का भी उल्लेख किया।
‘जाणता राजा’ का मंचन 22 फरवरी तक प्रतिदिन शाम साइंस कॉलेज मैदान में होगा। लगभग तीन घंटे की इस प्रस्तुति में विशाल मंच सज्जा, सजीव दृश्य और आधुनिक तकनीक के माध्यम से हिंदवी स्वराज्य की गाथा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है। घोड़ों और ऊंटों के साथ सैनिकों की टुकड़ी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही।
छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के तत्वावधान में आयोजित इस महानाट्य में लगभग 40 स्थानीय कलाकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विधायक श्री पुरंदर मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।