Friday, February 20, 2026
Home » मुंगेली की सुप्रिया सिंह बनीं लेफ्टिनेंट, सीडीएस में ऑल इंडिया चौथी रैंक; मुख्यमंत्री साय ने किया सम्मानित

मुंगेली की सुप्रिया सिंह बनीं लेफ्टिनेंट, सीडीएस में ऑल इंडिया चौथी रैंक; मुख्यमंत्री साय ने किया सम्मानित

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रिया की सफलता यह साबित करती है कि स्पष्ट लक्ष्य और ईमानदार प्रयास से साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले युवा भी असाधारण उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।

by khabariya
0 comments

रायपुर | 18 फरवरी 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन स्थित अपने कार्यालय में सीडीएस परीक्षा में ऑल इंडिया चौथी रैंक हासिल करने वाली मुंगेली की सुप्रिया सिंह श्रीनेत को सम्मानित किया। उन्होंने सुप्रिया और उनके परिजनों को पुष्पगुच्छ भेंटकर बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रिया की सफलता यह साबित करती है कि स्पष्ट लक्ष्य और ईमानदार प्रयास से साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले युवा भी असाधारण उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से आह्वान किया कि वे सुप्रिया से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ें। इस अवसर पर मुंगेली कलेक्टर कुंदन कुमार भी उपस्थित रहे।

ग्राम टेढ़ाधौंरा निवासी 23 वर्षीय सुप्रिया किसान परिवार से हैं। उनके माता-पिता ने उन्हें शिक्षा और संस्कारों का मजबूत आधार दिया। प्रारंभिक शिक्षा सेंट जोसेफ हायर सेकेंडरी स्कूल से प्राप्त करने के बाद उन्होंने बी.टेक (इलेक्ट्रॉनिक एंड टेलीकम्युनिकेशन) की डिग्री हासिल की। इंजीनियरिंग के दौरान एनसीसी से जुड़कर वे जूनियर अंडर ऑफिसर तक पहुंचीं। एनसीसी प्रशिक्षण ने उनके भीतर अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा का संकल्प मजबूत किया।

वर्ष 2023 में इंजीनियरिंग पूर्ण करने के बाद सुप्रिया ने पूरी एकाग्रता के साथ सीडीएस परीक्षा की तैयारी की। कठोर परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने शॉर्ट सर्विस कमिशन के तहत एसएसबी साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया चौथी रैंक प्राप्त की और भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित हुईं।

सुप्रिया की उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि मुंगेली और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए नई संभावनाओं और सपनों को साकार करने की प्रेरक कहानी बन गई है।

You may also like