रायपुर, राजधानी रायपुर में आगामी 27 और 28 मार्च को ‘मोर माटी, मोर मान’ थीम पर भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में विधानसभा स्थित समिति कक्ष में आयोजित बैठक में सम्मेलन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जनसंपर्क विभाग के सचिव श्री रोहित यादव और आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने बताया कि यह आयोजन नवा रायपुर में रायपुर साहित्य महोत्सव की तर्ज पर किया जाएगा। सम्मेलन में विदेशों में निवासरत छत्तीसगढ़ मूल के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए एक विशेष पोर्टल तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से पंजीयन प्रक्रिया जारी है।
मुख्य सचिव ने कहा कि विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ वासियों को राज्य से जोड़ने की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने निर्देश दिए कि सम्मेलन में आने वाले प्रवासियों को उनकी आवश्यकतानुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही विभिन्न विभागों को आयोजन में समन्वय और सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ी लोक परंपरा, संस्कृति और व्यंजनों की विशेष प्रस्तुति होगी। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा। इसके अलावा, विशेषज्ञ प्रवासी नागरिकों द्वारा युवाओं के लिए मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे उन्हें करियर और उद्यमिता के क्षेत्र में लाभ मिल सके।
राज्य सरकार प्रवासी समुदाय को निवेश के लिए भी आमंत्रित करेगी। यदि कोई प्रवासी नागरिक राज्य में किसी सेक्टर में निवेश या सहयोग के लिए सहमति देता है, तो उसके साथ एमओयू भी किया जाएगा।
बैठक में विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। यह सम्मेलन राज्य और प्रवासी छत्तीसगढ़ियों के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।