Sunday, March 1, 2026
Home » रायपुर के लालपुर में सरकारी जमीन पर अवैध बिल्डिंग पर चला बुलडोजर, 10 दुकानें और पीजी कराया गया खाली

रायपुर के लालपुर में सरकारी जमीन पर अवैध बिल्डिंग पर चला बुलडोजर, 10 दुकानें और पीजी कराया गया खाली

दुकानदारों और वहां रह रहे लोगों को बाहर निकालने के बाद अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

by News Desk
0 comments

रायपुर।
राजधानी रायपुर के लालपुर इलाके में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाई गई बिल्डिंग पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। सरकारी जमीन पर निर्मित इस भवन में करीब 9 से 10 निजी दुकानें संचालित हो रही थीं, जबकि ऊपरी हिस्से में पीजी (पेइंग गेस्ट) भी चलाया जा रहा था।

कार्रवाई से पहले निगम अधिकारियों ने पूरी बिल्डिंग को खाली कराया। दुकानदारों और वहां रह रहे लोगों को बाहर निकालने के बाद अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। नगर निगम के सभी 10 जोन की गाड़ियां, उड़नदस्ता दल, बुलडोजर और अन्य अमला कार्रवाई के दौरान मौजूद रहा।

निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। हाल ही में उरला-बीरगांव क्षेत्र में भी सड़क और फुटपाथ से अवैध कब्जे हटाए गए थे, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारू करने में मदद मिली।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी बिना पूर्व सूचना के ऐसी कार्रवाई की जाएगी। सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

नगर निगम की इस कार्रवाई को शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि शहर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

You may also like