Saturday, February 21, 2026
Home » ब्रेन हेमरेज के बाद वेंटिलेटर पर सलीम खान, सलमान खान ने हेल्थ अपडेट को लेकर दिया सख्त निर्देश

ब्रेन हेमरेज के बाद वेंटिलेटर पर सलीम खान, सलमान खान ने हेल्थ अपडेट को लेकर दिया सख्त निर्देश

बुधवार को लीलावती अस्पताल के डॉक्टर जलील पार्कर ने सलीम खान की सेहत को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा की थी।

by News Desk
0 comments

एंटरटेनमेंट डेस्क, दिग्गज स्क्रिप्ट राइटर और सलमान खान के पिता सलीम खान को ब्रेन हेमरेज के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। मंगलवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने तुरंत मेडिकल जांच के बाद एक सर्जिकल प्रोसीजर किया।

बुधवार को लीलावती अस्पताल के डॉक्टर जलील पार्कर ने सलीम खान की सेहत को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा की थी। हालांकि, अब परिवार ने स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को सार्वजनिक न करने का फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान ने अस्पताल प्रशासन से स्पष्ट निर्देश दिया है कि आगे से उनके पिता की मेडिकल स्थिति को लेकर कोई सार्वजनिक बयान जारी न किया जाए।

वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, परिवार का मानना है कि सलीम खान की सेहत पूरी तरह निजी मामला है और इस पर मीडिया से बातचीत का अधिकार केवल परिवार के पास होना चाहिए। अस्पताल की ओर से जारी बयान के बाद परिवार कथित तौर पर नाराज था। परिवार के करीबी सूत्रों का कहना है कि लगातार आ रही अटकलों और चर्चाओं से बचने के लिए मेडिकल डिटेल्स को प्राइवेट रखना जरूरी है।

सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल सलीम खान डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है। परिवार के सदस्य अस्पताल में मौजूद हैं और उपचार प्रक्रिया पर लगातार अपडेट ले रहे हैं।

गौरतलब है कि सलीम खान हिंदी सिनेमा के प्रतिष्ठित लेखक रहे हैं और ‘शोले’, ‘दीवार’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों की पटकथा लिख चुके हैं। उनकी तबीयत को लेकर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री में चिंता का माहौल है। इस बीच परिवार ने सभी से अपील की है कि उनकी निजता का सम्मान किया जाए और अनावश्यक अटकलों से बचा जाए।

You may also like