Saturday, February 21, 2026
Home » SIR फाइनल ड्राफ्ट सूची जारी: छत्तीसगढ़ में 24.99 लाख मतदाताओं के नाम हटे, अंतिम सूची में संख्या 1.87 करोड़

SIR फाइनल ड्राफ्ट सूची जारी: छत्तीसगढ़ में 24.99 लाख मतदाताओं के नाम हटे, अंतिम सूची में संख्या 1.87 करोड़

SIR प्रक्रिया से पहले छत्तीसगढ़ में कुल 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 पंजीकृत मतदाता थे।

by News Desk
0 comments

रायपुर।
छत्तीसगढ़ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। SIR की फाइनल ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है, जिसमें बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस प्रक्रिया के दौरान राज्य में 24 लाख 99 हजार 823 मतदाताओं के नाम सूची से काटे गए हैं।

SIR प्रक्रिया से पहले छत्तीसगढ़ में कुल 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 पंजीकृत मतदाता थे। पुनरीक्षण के बाद यह संख्या घटकर 1 करोड़ 84 लाख 95 हजार 920 रह गई। हालांकि, दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया और पुनः परीक्षण के बाद अंतिम प्रकाशन सूची जारी की गई, जिसमें कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 हो गई है।

निर्वाचन संबंधी सूत्रों के अनुसार, SIR प्रक्रिया के तहत मृत, स्थानांतरित या डुप्लीकेट नामों को सूची से हटाया गया। इसके साथ ही पात्र नए मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया भी अपनाई गई। अंतिम प्रकाशन से पहले प्राप्त दावे और आपत्तियों का निराकरण कर संशोधित सूची तैयार की गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण चुनावी पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिए आवश्यक कदम है। हालांकि, इतनी बड़ी संख्या में नाम हटने के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। विभिन्न दलों द्वारा सूची का परीक्षण किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अंतिम प्रकाशित सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम छूट गया हो तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर उसे जुड़वाया जा सकता है। SIR फाइनल ड्राफ्ट सूची के बाद अब चुनावी तैयारियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

You may also like