रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कोरिया प्रवास के दौरान कोरिया महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को सामग्री वितरित कर आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में हितग्राही और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 105 पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन प्रदान किए। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला गैस योजना से अब इन परिवारों को धुएं से मुक्ति मिलेगी और सुरक्षित, स्वच्छ व स्वास्थ्य अनुकूल ईंधन की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे विशेष रूप से महिलाओं के स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
स्व-रोजगार और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 6 आजीविका दीदियों को पिंक ई-रिक्शा (ग्रामीण आजीविका एक्सप्रेस) भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल महिलाओं की आय में वृद्धि करने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में सहायक सिद्ध होगी।
इसके साथ ही जिले की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 14 स्वच्छता दीदियों को गार्बेज रिक्शा प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान और अधिक प्रभावी बनेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सरकार जनकल्याण, आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है, ताकि प्रत्येक नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके।