Saturday, March 7, 2026
Home » UPSC में 35वीं रैंक लाने वाली वैभवी अग्रवाल से मिले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, दी बधाई

UPSC में 35वीं रैंक लाने वाली वैभवी अग्रवाल से मिले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, दी बधाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैभवी अग्रवाल ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर सिविल सेवा परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की है।

by News Desk
0 comments

रायपुर, 7 मार्च 2026। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में 35वीं रैंक हासिल करने वाली सुश्री वैभवी अग्रवाल ने शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री ने उन्हें मिठाई खिलाकर इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि वैभवी अग्रवाल ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर सिविल सेवा परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में उच्च स्थान प्राप्त करना आसान नहीं होता। इसके लिए वर्षों की तैयारी, अनुशासन और निरंतर मेहनत की आवश्यकता होती है। वैभवी की सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है और यह संदेश देती है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और मेहनत से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं में अपार प्रतिभा है और यदि उन्हें सही दिशा, अवसर और प्रेरणा मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। वैभवी अग्रवाल की सफलता इसी का उदाहरण है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास जताया कि वैभवी अग्रवाल प्रशासनिक सेवा में अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगी तथा समाज और देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली युवा देश के सुशासन और विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर वैभवी अग्रवाल के पिता श्री शीतल अग्रवाल और उनके भाई श्री विनायक अग्रवाल भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने परिवार को भी इस सफलता के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

You may also like