रायपुर | 15 फरवरी 2026
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ जिले के ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वे अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ देर रात करीब एक बजे धाम पहुंचे और भगवान भोलेनाथ तथा श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा के चरणों में प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने समस्त प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। प्रस्तावित कार्यों में मुख्य भवन के सामने ग्रेनाइट फर्श और शेड निर्माण, श्रद्धालुओं के विश्राम एवं भोजन के लिए शेड, शौचालय परिसर का निर्माण तथा पार्किंग क्षेत्र में सीमेंट कांक्रीट सड़क का निर्माण शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुविधाओं के विकसित होने से श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं मिलेंगी और धाम की गरिमा में वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कोसमनारा स्थित बाबा धाम श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा समाज को सकारात्मक दिशा और आत्मबल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण के संकल्प के साथ निरंतर विकास के कार्य कर रही है और धार्मिक स्थलों के समुचित विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि रायगढ़ मुख्यालय से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित यह धाम वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है। जनश्रुति के अनुसार, श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा वर्ष 1998 से कठोर तपस्या में लीन हैं और वर्ष 2003 में उन्हें ‘श्री श्री 108’ की उपाधि प्राप्त हुई।
कार्यक्रम में महापौर, जनप्रतिनिधि, कलेक्टर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
