Monday, May 11, 2026
Home » देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का भव्य शुभारंभ, 30 राज्यों के 2500 खिलाड़ी शामिल

देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का भव्य शुभारंभ, 30 राज्यों के 2500 खिलाड़ी शामिल

देशभर के 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से आए लगभग 2500 खिलाड़ी इस खेल महाकुंभ में 9 विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

by News Desk
0 comments

रायपुर, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देश के पहले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ का भव्य शुभारंभ साइंस कॉलेज मैदान में किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया मुख्य रूप से उपस्थित रहे। यह आयोजन 25 मार्च से 3 अप्रैल तक रायपुर, बस्तर और सरगुजा में आयोजित किया जा रहा है।

देशभर के 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से आए लगभग 2500 खिलाड़ी इस खेल महाकुंभ में 9 विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। आयोजन में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की और ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव का विषय है कि देश के पहले ट्राइबल गेम्स का आयोजन भगवान श्रीराम के ननिहाल में हो रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ के तहत 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक इनामी राशि भी तय की गई है।

मुख्यमंत्री ने बस्तर और सरगुजा ओलंपिक में लाखों युवाओं की भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह जनजातीय समाज में खेलों के प्रति बढ़ते रुझान का प्रमाण है। उन्होंने यह भी बताया कि खेल गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्ग, यहां तक कि मुख्यधारा से दूर रहे लोग भी जुड़ रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने इसे ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। उन्होंने ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ अभियान को देश में खेल संस्कृति के विस्तार का प्रमुख आधार बताया।

इस आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ ने न केवल खेल क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है, बल्कि जनजातीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।

You may also like