Monday, April 6, 2026
Home » छत्तीसगढ़ को मिलेगी आधुनिक फिल्म सिटी, 150 करोड़ की स्वीकृति पर सीएम विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार का जताया आभार

छत्तीसगढ़ को मिलेगी आधुनिक फिल्म सिटी, 150 करोड़ की स्वीकृति पर सीएम विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार का जताया आभार

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बताया कि राज्य की फिल्म सिटी का भूमिपूजन आज विधिवत रूप से संपन्न किया गया।

by News Desk
0 comments

समाचार डेस्क

छत्तीसगढ़ में फिल्म निर्माण और रचनात्मक उद्योग को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बताया कि राज्य की फिल्म सिटी का भूमिपूजन आज विधिवत रूप से संपन्न किया गया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए भारत सरकार द्वारा 150 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसे मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फिल्म सिटी छत्तीसगढ़ में फिल्म, मीडिया और रचनात्मक क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि इससे न केवल स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म मानचित्र पर भी नई पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा, जनजातीय जीवन और सामाजिक सरोकारों पर आधारित कहानियों में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने फिल्म निर्माताओं से आग्रह किया कि वे सामाजिक विकास, सांस्कृतिक विरासत और जनजीवन को दर्शाने वाली फिल्मों का निर्माण अधिक संख्या में करें, ताकि छत्तीसगढ़ की पहचान सशक्त रूप से देश-दुनिया तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित फिल्म सिटी में अत्याधुनिक शूटिंग स्टूडियो, पोस्ट-प्रोडक्शन सुविधाएं, सेट निर्माण, प्रशिक्षण केंद्र और पर्यटन से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे राज्य में फिल्म पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास जताया कि यह परियोजना राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ-साथ युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करेगी। फिल्म सिटी के निर्माण से छत्तीसगढ़ में फिल्मों, वेब सीरीज और डिजिटल कंटेंट के निर्माण को नई दिशा मिलेगी और राज्य नए रचनात्मक हब के रूप में उभरेगा।

You may also like