Home » छत्तीसगढ़ समृद्धि की राह पर तेज़ी से अग्रसर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

छत्तीसगढ़ समृद्धि की राह पर तेज़ी से अग्रसर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री जशपुर जिले के कोतबा में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

by khabariya
0 comments

 

रायपुर/जशपुर | 24 जनवरी 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ तेजी से समृद्धि और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कभी राज्य के लिए बड़ी चुनौती रहा नक्सलवाद अब अंतिम चरण में है और प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्य तेज़ी से किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री जशपुर जिले के कोतबा में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 51.73 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें कोतबा में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय भवन, तहसील लिंक कोर्ट, रेस्ट हाउस, इंडोर स्टेडियम, जल आवर्धन योजना के लिए अतिरिक्त राशि, कोकियाखार में सामुदायिक भवन निर्माण तथा बागबहार में सप्ताह में एक दिन एसडीएम (लिंक कोर्ट) की स्थापना जैसी महत्वपूर्ण घोषणाएं शामिल रहीं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिन कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया गया, उनमें 4.37 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का भूमिपूजन और 9.85 करोड़ रुपये से निर्मित जल आवर्धन योजना व प्रेस क्लब भवन का लोकार्पण प्रमुख है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियां पूरी कर दी गई हैं और आमजन को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। किसानों के लिए बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने हेतु करीब 3,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 750 सड़कों को मंजूरी मिली है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में छत्तीसगढ़ अग्रणी भूमिका निभाएगा। वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है। नई औद्योगिक नीति के तहत अब तक 7.83 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 36वीं सब जूनियर राष्ट्रीय सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप के पदक विजेताओं को सम्मानित किया और राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर 10वीं व 12वीं बोर्ड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

You may also like