Sunday, March 29, 2026
Home » पेट्रोल-डीजल और गैस आपूर्ति पर CM साय की हाईलेवल बैठक, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

पेट्रोल-डीजल और गैस आपूर्ति पर CM साय की हाईलेवल बैठक, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्तमान परिस्थितियों का फायदा उठाकर आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

by News Desk
0 comments

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में पेट्रोलियम पदार्थों और गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें सभी संभागीय कमिश्नर, आईजी और जिला कलेक्टर जुड़े। मुख्यमंत्री ने राज्य में आवश्यक वस्तुओं की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में पेट्रोलियम उत्पादों और गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। इस पर मुख्यमंत्री ने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट से बचें।

मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्तमान परिस्थितियों का फायदा उठाकर आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और प्रशासन पूरी सख्ती के साथ कानून का पालन सुनिश्चित करे।

बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. बसवराजु एस, कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार, ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले और उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के पेट्रोल-डीजल और गैस डिवीजन के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। सभी संबंधित विभागों को आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता की सुविधाओं और आवश्यकताओं को लेकर पूरी तरह सतर्क है और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

You may also like