Monday, March 30, 2026
Home » चंदखुरी में कायस्थ मंगल भवन का लोकार्पण, CM साय बोले—सामाजिक एकजुटता से विकास को मिलेगी गति

चंदखुरी में कायस्थ मंगल भवन का लोकार्पण, CM साय बोले—सामाजिक एकजुटता से विकास को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कायस्थ समाज सदैव से जागरूक और प्रबुद्ध समाज रहा है, जिसने देश और प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाई है।

by News Desk
0 comments

रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चंदखुरी में कायस्थ मंगल भवन का लोकार्पण करते हुए इसे सामाजिक एकजुटता और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर उन्होंने कायस्थ समाज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माता कौशल्या की पावन भूमि पर इस भवन का निर्माण पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कायस्थ समाज सदैव से जागरूक और प्रबुद्ध समाज रहा है, जिसने देश और प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाई है। प्रशासनिक, सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों में इस समाज का योगदान प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा तैयार किए जा रहे विजन डॉक्यूमेंट में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, जिसमें कायस्थ समाज की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि जब समाज संगठित होकर कार्य करता है, तो बड़े लक्ष्य भी आसानी से प्राप्त किए जा सकते हैं। इस प्रकार के सामुदायिक भवन सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश में कनेक्टिविटी के विस्तार का उल्लेख करते हुए बताया कि अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू की गई है, जिससे लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सीजी वायु योजना के तहत राज्य के सभी हवाई अड्डों का विकास किया जा रहा है और कार्गो सेवा शुरू होने से किसानों को अपने उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ मंगल भवन केवल एक समाज के लिए नहीं, बल्कि सर्व समाज के उपयोग के लिए तैयार किया गया है। यहां सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकेगा।

कार्यक्रम में डॉ. पूर्णेंदु सक्सेना सहित कई गणमान्य नागरिक और समाज के लोग उपस्थित रहे।

You may also like