रायपुर | 13 फरवरी 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सरगुजा जिले के मैनपाट में आयोजित तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव 2026 का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह महोत्सव सरगुजा की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और अस्मिता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों को महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए इसे जन-गौरव का उत्सव बताया।
मुख्यमंत्री ने मैनपाट में पर्यटन विकास के लिए 1 करोड़ रुपये तथा सीतापुर में सर्वसुविधायुक्त बस स्टैंड निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही सरगुजा जिले को 523 करोड़ 20 लाख 53 हजार रुपये की लागत के 109 विकास कार्यों की सौगात दी गई। इनमें 429 करोड़ रुपये से अधिक के 81 कार्यों का भूमिपूजन और 94 करोड़ रुपये से अधिक के 28 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के अनुरूप राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता पहुंचाई जा रही है और अब तक 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।
कार्यक्रम में तिब्बती समुदाय द्वारा “ताशी शोपा” नृत्य के माध्यम से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया। स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मैनपाट जैसे प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण स्थल का विकास स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करेगा। जनप्रतिनिधियों ने भी इसे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मैनपाट महोत्सव के माध्यम से पर्यटन, संस्कृति और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
