
रायपुर, 20 दिसंबर 2025 | न्यूज़ डेस्क
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा राष्ट्रीय अभियान ‘नई चेतना 4.0’ के अंतर्गत शनिवार को रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस में एक दिवसीय राज्य स्तरीय जेंडर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा और लैंगिक समानता को मजबूती प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री भीम सिंह तथा छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन संचालक श्री अश्वनी देवांगन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। कार्यशाला का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
सचिव श्री भीम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जेंडर रिसोर्स सेंटर महिलाओं को अधिकारों की जानकारी, मार्गदर्शन और संरक्षण उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही समावेशी विकास संभव है।
वहीं मिशन संचालक श्री अश्वनी देवांगन ने कहा कि जेंडर केवल एक विभाग का विषय नहीं, बल्कि सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जेंडर को मुख्यधारा में लाने के लिए विभागीय अभिसरण को और सशक्त करने पर जोर दिया।
कार्यशाला में महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता, सामाजिक समावेशन, जेंडर आधारित हिंसा की रोकथाम, शिकायत निवारण तंत्र और अधिकार आधारित सेवाओं की पहुंच जैसे अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित कई विभागों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार साझा किए।
कांकेर जिले की स्व-सहायता समूह की दीदियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जेंडर आधारित हिंसा और सामाजिक भेदभाव को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिला एवं ब्लॉक स्तरीय टीमों को सम्मानित किया गया।