रायपुर | 16 फरवरी 2026
मुख्य सचिव श्री विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में नवा अंजोर विजन@2047 मॉनिटरिंग पोर्टल की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में राज्य शासन के विभिन्न विभागों के सचिव उपस्थित रहे और विजन 2047 के तहत तय लक्ष्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने विजन@2047 के अंतर्गत निर्धारित प्रमुख इंडिकेटर्स की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी सचिवों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की अद्यतन जानकारी समय-समय पर पोर्टल में दर्ज करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों की नियतकालिक उपलब्धि और डेटा की सटीक एंट्री से ही प्रभावी मॉनिटरिंग संभव होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पोर्टल राज्य के दीर्घकालिक विकास लक्ष्यों की दिशा में एक महत्वपूर्ण डिजिटल उपकरण है, जिसके माध्यम से योजनाओं की प्रगति का पारदर्शी मूल्यांकन किया जा सकता है। इससे न केवल कार्यों की गति बढ़ेगी, बल्कि जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।
मुख्य सचिव ने विभागीय सचिवों को अपने-अपने डैशबोर्ड पर ऑनलाइन प्रगति की नियमित समीक्षा करने और इंडिकेटर्स के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विजन 2047 के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति के लिए विभागों के बीच समन्वय और परिणामोन्मुख कार्यशैली आवश्यक है।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तकनीक का अधिकतम उपयोग करें। नवा अंजोर विजन@2047 के तहत छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मॉनिटरिंग पोर्टल को प्रभावी साधन के रूप में उपयोग करने पर सहमति जताई गई।
