Thursday, April 2, 2026
Home » 2434 करोड़ के घोटाले की जांच तेज: रायपुर समेत देशभर में 30 से अधिक ठिकानों पर ED की दबिश

2434 करोड़ के घोटाले की जांच तेज: रायपुर समेत देशभर में 30 से अधिक ठिकानों पर ED की दबिश

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 2,434 करोड़ रुपये के कथित घोटाले की जांच के तहत छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत देश के विभिन्न हिस्सों में बड़ी कार्रवाई की है।

by khabariya
0 comments

रायपुर।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 2,434 करोड़ रुपये के कथित घोटाले की जांच के तहत छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत देश के विभिन्न हिस्सों में बड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई CBI में दर्ज निवेशकों से धोखाधड़ी और रियल एस्टेट निवेश फंड के जरिए धन की हेराफेरी से जुड़े मामले में की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, ईडी की टीमें एक साथ 30 से अधिक ठिकानों पर तलाशी ले रही हैं। इनमें छत्तीसगढ़ के रायपुर, महाराष्ट्र के नासिक और मुंबई, तथा कर्नाटक के बेंगलुरु में स्थित कारोबारी प्रतिष्ठान शामिल हैं। अकेले मुंबई में करीब 20 ठिकानों पर ईडी की अलग-अलग टीमें जांच कर रही हैं, जबकि रायपुर, नासिक और बेंगलुरु में लगभग 10 ठिकानों को खंगाला जा रहा है।

यह पूरा मामला जय कॉर्प लिमिटेड से जुड़े रियल एस्टेट निवेश फंड के माध्यम से निवेशकों के साथ कथित धोखाधड़ी से जुड़ा बताया जा रहा है। जांच के दायरे में कंपनी के निदेशक उद्योगपति आनंद जयकुमार जैन, उनकी सहयोगी कंपनियां और व्यापारिक साझेदार शामिल हैं। आरोप है कि निवेश के नाम पर जुटाई गई बड़ी राशि का दुरुपयोग किया गया और निवेशकों को नुकसान पहुंचाया गया।

ईडी की कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की जा रही है। तलाशी के दौरान दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित घोटाले की राशि किन-किन माध्यमों से और कहां-कहां निवेश या ट्रांसफर की गई।

फिलहाल ईडी की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

You may also like