Friday, April 3, 2026
Home » राजिम कुंभ कल्प 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजीव लोचन और कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में की पूजा, महानदी महाआरती में हुए शामिल

राजिम कुंभ कल्प 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजीव लोचन और कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में की पूजा, महानदी महाआरती में हुए शामिल

मुख्यमंत्री ने श्री राजीव लोचन के श्रीचरणों में नमन करते हुए प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

by khabariya
0 comments

रायपुर | 15 फरवरी 2026

धर्म नगरी राजिम में आयोजित राजिम कुंभ कल्प 2026 के भव्य समापन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने भगवान राजीव लोचन एवं कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान श्री राजीव लोचन के श्रीचरणों में नमन करते हुए प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजिम का यह पावन तीर्थ स्थल सनातन आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है।

इसके बाद मुख्यमंत्री त्रिवेणी संगम के मध्य स्थित प्राचीन कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेश की निरंतर प्रगति, शांति और समृद्धि की प्रार्थना करते हुए कहा कि राजिम कुंभ कल्प केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक एकता का विराट उत्सव है, जो समाज को जोड़ने का कार्य करता है।

मंदिर दर्शन के पश्चात मुख्यमंत्री महानदी तट पर आयोजित भव्य महाआरती में शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और दीपों की ज्योति से आलोकित संगम क्षेत्र दिव्य आभा से भर उठा। मुख्यमंत्री ने श्रद्धापूर्वक महानदी मैया की आरती उतारकर छत्तीसगढ़ की उन्नति और समृद्धि की कामना की।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प हमारी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। यह आयोजन सामाजिक सद्भाव, विश्वास और समरसता को सुदृढ़ करता है।

इस अवसर पर राज्य के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, साधु-संत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। राजिम कुंभ कल्प 2026 ने एक बार फिर प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की।

You may also like