रायपुर | 13 फरवरी 2026
विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने ‘वंदे मातरम’ के नए गायन संस्करण का पेन ड्राइव लॉन्च किया और सभी को विश्व रेडियो दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का आयोजन आकाशवाणी रायपुर और यूनेस्को के सहयोग से किया गया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस वर्ष का विषय “रेडियो और एआई” समयानुकूल और अत्यंत प्रासंगिक है। सूचना क्रांति के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में रेडियो की विश्वसनीयता और एआई की गति का समन्वय जनसेवा को और अधिक प्रभावी बना सकता है। उन्होंने कहा कि सही समय पर सही सूचना नागरिकों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और रेडियो इस दायित्व को वर्षों से सफलतापूर्वक निभाता आया है।
मुख्यमंत्री ने आकाशवाणी को देश का सबसे भरोसेमंद समाचार माध्यम बताते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के दौर में भी इसने संतुलित और जनहितकारी पत्रकारिता की परंपरा को कायम रखा है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि दूरस्थ गांवों में जब अन्य संचार माध्यम उपलब्ध नहीं थे, तब रेडियो ही देश-दुनिया से जुड़ने का प्रमुख साधन था। किसानों और ग्रामीण समुदाय के लिए आज भी रेडियो महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एआई तकनीक के माध्यम से आपातकालीन सूचनाएं, मौसम पूर्वानुमान, कृषि सलाह और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी अधिक त्वरित और सटीक रूप से प्रसारित की जा सकती है। उन्होंने बताया कि नवा रायपुर में देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क स्थापित किया जा रहा है, जो डिजिटल छत्तीसगढ़ की दिशा में बड़ा कदम है।
यूनेस्को की रीजनल एडवाइजर सुश्री हज़्ज़ाज़ मा’अली ने रेडियो की वैश्विक पहुंच और विश्वसनीयता पर प्रकाश डालते हुए एआई के माध्यम से इसके सशक्तिकरण पर जोर दिया। कार्यक्रम में आकाशवाणी के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और साहित्य जगत से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
