
रायपुर, 12 दिसंबर 2025।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले स्थित कोपरा जलाशय को राज्य का पहला रामसर साइट घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए “गौरव का ऐतिहासिक क्षण” बताते हुए कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ की समृद्ध जैवविविधता, पक्षी आवासों और जल-संरक्षण प्रयासों को मिली महत्वपूर्ण वैश्विक स्वीकृति है।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए राज्य वेटलैंड प्राधिकरण, पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं तथा स्थानीय समुदायों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी निरंतर मेहनत और सहयोग ने कोपरा जलाशय को अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतारने में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ की पर्यावरणीय प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
श्री साय ने कहा कि कोपरा जलाशय को रामसर दर्जा मिलना “छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047” के अंतर्गत वर्ष 2030 तक प्रदेश के 20 वेटलैंड्स को रामसर साइट घोषित कराने के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह उपलब्धि प्रदेश की दीर्घकालिक पर्यावरण नीति को नई मजबूती प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि इस मान्यता से प्रदेश में इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही, यह वेटलैंड संरक्षण के प्रति जन-सहभागिता को और प्रोत्साहित करेगा तथा भविष्य की पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण और संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाएं, क्योंकि प्रकृति की सुरक्षा सरकार और समाज—दोनों की साझा जिम्मेदारी है।