Sunday, June 21, 2026
Home » नारायणपुर में उत्साह से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, वन मंत्री केदार कश्यप ने किया सामूहिक योगाभ्यास

नारायणपुर में उत्साह से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, वन मंत्री केदार कश्यप ने किया सामूहिक योगाभ्यास

मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है।

by News Desk
0 comments

नारायणपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नारायणपुर जिले के कोटमहर गार्डन में भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योग दिवस के इस विशेष आयोजन में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए नियमित योग अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के अनेक देशों में लोग योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है। योग व्यक्ति की कार्यक्षमता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मंत्री ने जिलेवासियों से अपील की कि वे प्रतिदिन योग करें और अपने परिवार तथा समाज को भी योग के प्रति जागरूक बनाएं।

योग दिवस कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। इस दौरान योग के वैज्ञानिक महत्व और स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारिता लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मंडावी, पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, डीएफओ डॉ. वेंकटेशा एम.जी. सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

योग दिवस के इस आयोजन के दौरान सभी प्रतिभागियों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने, इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ, सकारात्मक और निरोग समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और जनकल्याण की कामना के साथ हुआ।

You may also like