नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, चिकित्सा अधोसंरचना को मजबूत करने, किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता तथा उर्वरक आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार दूरस्थ, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि प्रदेशवासियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं अपने ही राज्य में उपलब्ध हो सकें।
कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को खाद और बीज की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उर्वरकों की आपूर्ति, भंडारण और वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि कालाबाजारी, जमाखोरी और वितरण में अनियमितता पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाकर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
बैठक में नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार किसानों को इन आधुनिक उर्वरकों के लाभों की जानकारी देने के लिए व्यापक अभियान चला रही है, जिससे खेती की लागत कम हो और उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण के क्षेत्रों में विकास को नई गति मिल रही है। वहीं, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए राज्य को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।