रायपुर, 13 जून 2026। छत्तीसगढ़ की उभरती क्रिकेट प्रतिभा महक नरवासे ने प्रदेश को गौरवान्वित करते हुए भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की टी-20 और वनडे दोनों टीमों की उपकप्तान बनने का गौरव हासिल किया है। आगामी श्रीलंका दौरे के लिए टीम में मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महक को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित सौजन्य मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने महक नरवासे को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महक के पिता राधेश्याम नरवासे, महापौर मधुसूदन यादव, कोच मनोज तिवारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महक की उपलब्धि केवल राजनांदगांव जिले या उनके परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां खेल, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं।
मुख्यमंत्री ने महक की सफलता को उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि महक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में खेलों के विकास और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महक का भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान के रूप में चयन इस सकारात्मक खेल वातावरण का प्रमाण है।
सम्मान समारोह के दौरान महक नरवासे ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देगा। उनकी सफलता ने प्रदेश के युवा खिलाड़ियों में नए सपने और नई उम्मीदें जगाई हैं।