Home » बीरगांव में प्रधानमंत्री आवास योजना को मिली रफ्तार, 1.0 में 2496 मकान पूरे, 2.0 में 1222 आवास स्वीकृत

बीरगांव में प्रधानमंत्री आवास योजना को मिली रफ्तार, 1.0 में 2496 मकान पूरे, 2.0 में 1222 आवास स्वीकृत

शहरी आवासहीनों को पक्का घर उपलब्ध कराने की केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत नगर पालिक निगम बीरगांव में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।

by khabariya
0 comments

रायपुर।
शहरी आवासहीनों को पक्का घर उपलब्ध कराने की केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत नगर पालिक निगम बीरगांव में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। योजना के प्रथम चरण यानी पीएम आवास योजना 1.0 के अंतर्गत बीरगांव में 2496 आवासों का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 1222 नए आवासों को स्वीकृति प्रदान की गई है।

नगर निगम बीरगांव के आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा ने बताया कि पीएम आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत एसएनए स्पर्श पोर्टल के माध्यम से हितग्राहियों को चरणबद्ध रूप से राशि का भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक 382 हितग्राहियों को 24 लाख 66 हजार रुपये की प्रथम किस्त, 173 हितग्राहियों को 15 लाख 51 हजार रुपये की द्वितीय किस्त और 66 हितग्राहियों को 42 लाख 29 हजार रुपये की तृतीय किस्त का भुगतान किया जा चुका है।

आयुक्त ने बताया कि आगामी चरण में 129 हितग्राहियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से राशि का भुगतान किया जाएगा, जिसके लिए संबंधित बिल शीघ्र प्रेषित किए जाएंगे। इसके साथ ही पीएम आवास योजना 2.0 के अंतर्गत निर्माणाधीन सभी आवासों का नियमानुसार शत-प्रतिशत भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत यदि कोई हितग्राही 18 माह की निर्धारित अवधि में आवास निर्माण पूर्ण करता है, तो उसे राज्य सरकार की मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के अंतर्गत ₹32,850 की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। यह प्रोत्साहन योजना हितग्राहियों को समय पर निर्माण पूर्ण करने के लिए प्रेरित करेगी।

You may also like