Saturday, March 21, 2026
Home » नवा रायपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स क्लस्टर को बड़ी मजबूती, केंद्र ने 22.50 करोड़ की पहली किस्त मंजूर

नवा रायपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स क्लस्टर को बड़ी मजबूती, केंद्र ने 22.50 करोड़ की पहली किस्त मंजूर

छत्तीसगढ़ में इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी विनिर्माण को नई गति देने की दिशा में केंद्र सरकार ने अहम कदम उठाया है

by khabariya
0 comments

रायपुर, 18 दिसंबर 2025।
छत्तीसगढ़ में इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी विनिर्माण को नई गति देने की दिशा में केंद्र सरकार ने अहम कदम उठाया है। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-22 में प्रस्तावित कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) परियोजना के लिए 22.50 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी करने की स्वीकृति दी है। यह राशि संशोधित इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्लस्टर (EMC 2.0) योजना के तहत स्वीकृत की गई है।

इस परियोजना का क्रियान्वयन नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRANVP) द्वारा किया जाएगा, जबकि मूल्यांकन और निगरानी की जिम्मेदारी सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) को सौंपी गई है। STPI की अनुशंसा के बाद केंद्र सरकार ने पहली किस्त जारी करने का निर्णय लिया।

कॉमन फैसिलिटी सेंटर के माध्यम से नवा रायपुर को इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और आईटी हार्डवेयर हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इस केंद्र में उद्योगों को साझा आधारभूत संरचना, आधुनिक तकनीकी सुविधाएं, परीक्षण, नवाचार और उत्पाद विकास से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार होगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार के इस निर्णय को छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास और तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘मेक इन इंडिया’ और ‘डिजिटल इंडिया’ के विजन को तेजी से आगे बढ़ा रही है। नवा रायपुर को आधुनिक, तकनीक आधारित औद्योगिक शहर के रूप में विकसित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि EMC 2.0 योजना के तहत स्थापित होने वाला यह कॉमन फैसिलिटी सेंटर ‘विकसित छत्तीसगढ़’ और ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्यों को मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने इस सहयोग के लिए केंद्र सरकार और MeitY मंत्रालय का आभार भी व्यक्त किया।

You may also like