Sunday, March 22, 2026
Home » 15 घंटे की मेहनत के बाद सिर्फ 763 रुपये की कमाई, डिलीवरी बॉय हिमांशु ने बयां किया दर्द

15 घंटे की मेहनत के बाद सिर्फ 763 रुपये की कमाई, डिलीवरी बॉय हिमांशु ने बयां किया दर्द

डिलीवरी ऐप से जुड़े कामगारों की हालत एक बार फिर चर्चा में है। 15 घंटे लगातार काम करने के बाद मात्र 763 रुपये की कमाई का मामला संसद तक पहुंचने के बाद अब सुर्खियों में आ गया है।

by khabariya
0 comments

नई दिल्ली।
डिलीवरी ऐप से जुड़े कामगारों की हालत एक बार फिर चर्चा में है। 15 घंटे लगातार काम करने के बाद मात्र 763 रुपये की कमाई का मामला संसद तक पहुंचने के बाद अब सुर्खियों में आ गया है। इस मुद्दे पर संसद में सवाल उठाए जाने के बाद संबंधित डिलीवरी बॉय हिमांशु ने एक टीवी चैनल से बातचीत में अपना दर्द साझा किया है।

हिमांशु ने बताया कि वह रोजाना लंबे समय तक काम करता है, लेकिन मेहनत के अनुपात में कमाई बेहद कम होती है। उन्होंने कहा कि कई बार 12 से 15 घंटे तक डिलीवरी करने के बावजूद मिलने वाली राशि से रोजमर्रा का खर्च निकालना मुश्किल हो जाता है। ईंधन, मोबाइल डेटा और वाहन रखरखाव जैसे खर्च भी इसी कमाई से पूरे करने पड़ते हैं।

संसद में इस मामले के उठने के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है। कई लोग इसे गिग वर्कर्स के शोषण से जोड़कर देख रहे हैं। विपक्षी दलों ने डिलीवरी ऐप कंपनियों की कार्यप्रणाली और भुगतान व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, वहीं सरकार से गिग वर्कर्स के लिए ठोस नीति बनाने की मांग की जा रही है।

हिमांशु ने बातचीत में कहा कि वे किसी से विशेष मदद नहीं मांग रहे हैं, बल्कि सिर्फ इतना चाहते हैं कि मेहनत का उचित मेहनताना मिले और काम के घंटे तय हों। उन्होंने बताया कि अधिक समय काम करने के बावजूद न तो निश्चित आय है और न ही सामाजिक सुरक्षा।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के मामले डिजिटल प्लेटफॉर्म आधारित रोजगार की चुनौतियों को उजागर करते हैं। अब देखना होगा कि संसद में उठे इस मुद्दे के बाद सरकार और संबंधित कंपनियां क्या कदम उठाती हैं।

You may also like