रायपुर
छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 30 जनवरी को नारायणपुर जिले में आयोजित कार्यक्रम से योजना की 24वीं किस्त का वितरण करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री बटन दबाकर 68 लाख 47 हजार 355 महिलाओं के खातों में 641 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से अंतरित करेंगे।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के उद्देश्य से शुरू की गई यह योजना आज प्रदेश की महिलाओं के लिए स्थायी आर्थिक संबल बन चुकी है। योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को की गई थी और 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से पहली किस्त जारी की गई थी। अब तक योजना के तहत 15,595 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं को प्रदान की जा चुकी है।
24वीं किस्त के अंतर्गत अद्यतन स्थिति में 69 लाख से अधिक पात्र हितग्राहियों में से ई-केवाईसी पूर्ण कर चुकी महिलाओं को भुगतान किया जाएगा। इसके साथ ही नक्सल प्रभावित जिलों में संचालित नियद नेल्ला नार योजना के तहत शामिल 7,763 नई महिलाओं को भी महतारी वंदन योजना से जोड़ा गया है, जिन्हें 77 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि दी जाएगी।
सुकमा, बीजापुर, कांकेर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जैसे नक्सल प्रभावित जिलों में योजना का प्रभावी क्रियान्वयन यह दर्शाता है कि राज्य में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और सुशासन के चलते सरकारी योजनाएं अब दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों तक भी सफलतापूर्वक पहुंच रही हैं।
महतारी वंदन योजना ने न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन की दिशा में आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम भी बनी है।