रायपुर | 31 जनवरी 2026
केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में कृषि, ग्रामीण अधोसंरचना और आवास निर्माण के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ परंपरागत रूप से “धान का कटोरा” रहा है, लेकिन अब राज्य में फल और सब्जी उत्पादन में हो रही उल्लेखनीय वृद्धि कृषि विविधीकरण की दिशा में बड़ा सकारात्मक संकेत है।
महानदी मंत्रालय भवन में आयोजित बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा कृषि विभाग की योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री श्री साय, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम भी उपस्थित रहे।
श्री चौहान ने कहा कि किसानों से प्रत्यक्ष संवाद, खेतों का अवलोकन और किसान मेले में भागीदारी उनके लिए प्रेरणादायक अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि बीते डेढ़ वर्षों में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को 18 लाख 12 हजार से अधिक पक्के मकानों की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए 15 हजार तथा पीएम जनमन योजना के अंतर्गत 33 हजार अतिरिक्त आवास भी स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने दोहराया कि सरकार का लक्ष्य है कि राज्य का कोई भी गरीब परिवार बिना पक्के घर के न रहे।
ग्रामीण अधोसंरचना पर प्रकाश डालते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत राज्य को लगभग 47,847 किलोमीटर लंबी 10,199 सड़कों की मंजूरी मिली है। इन परियोजनाओं से दूरस्थ और वंचित क्षेत्रों में आवागमन सुगम हुआ है और आर्थिक गतिविधियों को बल मिला है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
